Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने चंडीगढ़ में विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को समय पर और पूरा राशन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही चार हजार नए राशन डिपो आवंटित किए जाएंगे, जिससे राशन वितरण व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जल्द ही आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे और पात्र आवेदकों को विभागीय जांच के बाद डिपो आवंटित किए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राशन की समय पर डिपो तक आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और वितरण प्रक्रिया की नियमित निगरानी हो। इसके लिए सभी जिलों में तैनात खाद्य आपूर्ति नियंत्रकों को स्वयं डिपो की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जो डिपो धारक नियमों के अनुसार कार्य नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा, “हमारा एकमात्र उद्देश्य यह है कि सभी पात्र लोगों तक सही समय पर और पूरा राशन पहुंचे।”
बैठक में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डी. सुरेश, निदेशक अंशज सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

