Faridabad/Alive News: सर्द मौसम के बढ़ते असर के बीच एनआईटी-1 मार्केट में महिलाओं के लिए विंटर सूट, ऊनी और वेलवेट सूट की नई रेंज बाजार में आ गई है। ठंड से बचाव के साथ फैशन का ख्याल रखते हुए इस बार दुकानों पर रंग-बिरंगे, ट्रेंडी और आरामदायक डिजाइन देखने को मिल रहे हैं। खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
दुकानदारों के अनुसार, इस सीजन में वूलन सूट के साथ-साथ वेलवेट सूट की खास मांग है। मोटे और मुलायम ऊनी कपड़े से बने सूट ठंड में बेहतर सुरक्षा देते हैं, वहीं वेलवेट सूट पार्टी व फंक्शन के लिए पहली पसंद बने हुए हैं। कढ़ाईदार नेक डिजाइन, प्रिंटेड पैटर्न, फुल स्लीव्स और मैचिंग दुपट्टे के साथ सूट उपलब्ध कराए गए हैं।
एनआईटी-1 मार्केट में कैजुअल पहनावे से लेकर ऑफिस और शादी-समारोह के लिए बहतर डिजाइन के सूट भी मौजूद हैं। सॉलिड कलर, पेस्टल शेड्स के साथ गहरे रंग जैसे मैरून, नेवी ब्लू, ग्रीन और ब्लैक महिलाओं को खासा पसंद आ रहे हैं। कुछ दुकानों पर लॉन्ग कुर्ती स्टाइल विंटर सूट और जैकेट स्टाइल सेट भी उपलब्ध हैं।
कीमतों की बात करें तो ऊनी सूट 650 से 2500 रुपये तक मिल रहे हैं, जबकि वेलवेट सूट की कीमत 1800 से 4000 रुपये तक है। दुकानदारों का कहना है कि क्वालिटी और डिजाइन के हिसाब से कीमतें वाजिब रखी गई है, ताकि हर वर्ग की महिलाएं खरीदारी कर सकें।
खरीदारी करने आई महिलाओं का कहना है कि एनआईटी-1 मार्केट में एक ही जगह पर कई विकल्प मिल जाते हैं और यहां के सूट गर्म होने के साथ-साथ स्टाइलिश भी हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि ठंड बढ़ने के साथ-साथ बिक्री में और तेजी आएगी। सर्दियों के इस मौसम में एनआईटी-1 मार्केट महिलाओं की शॉपिंग का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

