March 7, 2026

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती, 11 महीनों में 7513 चालान, 1907 लाइसेंस रद्द

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सड़क हादसों को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वर्ष 2025 के 11 महीनों में यातायात पुलिस ने इस नियम के उल्लंघन पर कुल 7513 चालान किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जनवरी में 847, फरवरी में 330, मार्च में 608, अप्रैल में 388, मई में 593, जून में 751, जुलाई में 657, अगस्त में सबसे ज्यादा 1461, सितंबर में 972, अक्टूबर में 352 और नवंबर में 554 चालान किए गए। वहीं दिसंबर माह के पहले 15 दिनों में ही 420 चालान काटे जा चुके हैं।

शराब पीकर वाहन चलाने के गंभीर मामलों में पुलिस ने 185 वाहनों को जब्त किया है। इसके साथ ही 1907 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द कराए गए हैं। यह कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम के तहत की गई है।

यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन चलाना न सिर्फ खुद के लिए, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसी कारण नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना, वाहन जब्ती, लाइसेंस रद्द और अदालत में चालान पेश करने जैसी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन कर ही सड़क हादसों को रोका जा सकता है और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।