March 7, 2026

छात्र के स्कूल बंक करने पर अध्यापक ने बेरहमी से पीटा 

Faridabad/Alive news: नौवीं कक्षा के छात्र के स्कूल बंक करने पर अध्यापक ने डंडे से बुरी तरह पीटा तब तक जब तक उसका डंडा नही टुट गया। इस दौरान एक अन्य विद्यार्थी ने एक छात्र की पिटाई का वीडियो रिकाॅर्ड कर लिया, जो बुधवार सुबह सोशल मीडिया में प्रसारित हुआ। वीडियो प्रसारित होने के बाद सारण थाना पुलिस ने तुरंत इस मामले की जांच की।  बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) द्वारा बच्चों के बयान लिए गए और अध्यापक नरेंद्र राठी के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट (जेजे-75 और 82) के तहत मुकदमा दर्ज हो गया है।

पहले भी एक वीडियो हुआ था प्रसारित

सारण स्कूल में अध्यापक द्वारा छात्र की पिटाई का वीडियो प्रसारित होने पर जिला शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। छात्र के अभिभावकों ने अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सारण स्कूल में ऐसा ही एक विडियो पहले भी प्रसारित हुआ था। जिसमें प्राइमरी विंग के बच्चों से झाड़ू लगवाने और कूड़ा उठवाया जा रहा था। तब जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।

क्या कहना है परिजनों का

दोनों छात्र के परिजन रामचंद्र और मुन्ना भारती ने बताया कि उनके बच्चे सहमे हुए थे और उन्होंने घर आकर कुछ भी नहीं बताया कि उनके साथ क्या हुआ। जब सुबह पुलिस का फोन आया तो हमें पता चला कि बेटे की पिटाई हुई है। बच्चे गलती करें तो अध्यापक उन्हें डांटे, लेकिन जिस तरह से गणित के अध्यापक पीट रहे हैं लग रहा है किसी बात का गुस्सा निकाल रहे हैं। अध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। हमनें कभी नहीं कहा था कि बच्चे को इस तरह से पीटा जाए। हमारे बच्चों को न्याय मिलना चाहिए।

क्या कहना है पूर्व चेयरमैन का

“बीते दिनों गौच्छी के सरकारी स्कूल में बच्चे की पिटाई पर अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। वर्ष 2019 में सेक्टर-21डी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सवाल का जवाब नहीं देने पर अध्यापक ने बच्चों की पिटाई पानी के पाइप से की थी। संबंधित मामले में अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। बच्चों बर्बरता से पीटना, उपेक्षित करना और कक्षा के बाहर अनावश्यक खड़ा रखने पर जेजे एक्ट के तहत अध्यापक पर कार्रवाई की जाती है।”

-श्रीपाल कराहना, पूर्व चेयरमैन, सीडब्ल्यूसी।

क्या कहना है थाना प्रभारी का

“वीडियो सामने आने के बाद संज्ञान लिया गया। बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) द्वारा दोनों बच्चों और अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ के बाद जेजे एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जाएगी। अन्य विद्यार्थियों से भी पूछताछ की गई थी अध्यापक का पुराना कोई ऐसा रिकार्ड नहीं मिला है।”

-ब्रह्म प्रकाश, थाना प्रभारी, सारण।

क्या कहना है स्कूल प्रधानाचार्य का

“अभिभावकों के कहने पर ही अध्यापक ने विद्यार्थियों की पिटाई की थी। बच्चे कई बार लंच से पहले ही स्कूल बंक कर देते थे। पिटाई के दौरान छात्र की बहन भी मौजूद थी।”

-अल्का, प्रधानाचार्य, सरकारी स्कूल सारण।