March 7, 2026

मेक्सिको में इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान प्राइवेट जेट क्रैश, 7 की मौत, 3 लापता

International/Alive News: मेक्सिको में मंगलवार को इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान एक प्राइवेट जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 3 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह प्राइवेट विमान सोमवार को अकापुल्को से तोलूका एयरपोर्ट जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश की। लैंडिंग के दौरान विमान मेक्सिको सिटी से करीब 50 किलोमीटर पश्चिम में स्थित सैन माटेओ एटेंको इलाके में एक फैक्ट्री से टकरा गया।

बताया जा रहा है कि विमान ने एक फुटबॉल ग्राउंड पर उतरने की कोशिश की थी, लेकिन पास ही स्थित फैक्ट्री की मेटल की छत से टकराने के बाद उसमें आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए एहतियातन आसपास के करीब 130 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

शुरुआती जांच में विमान के इंजन में खराबी की बात सामने आ रही है। अधिकारियों के मुताबिक, विमान में कुल 8 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे। अब तक 7 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी 3 लोगों की तलाश जारी है।

मेक्सिको के सिविल प्रोटेक्शन कोऑर्डिनेटर एडियन हर्नांडेज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना एक औद्योगिक क्षेत्र में हुई। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।