March 7, 2026

18 दिसंबर को जिले के गांवों में लगेंगे फार्मर आईडी शिविर

Faridabad/Alive News: हरियाणा गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के जिला उपायुक्तों के साथ ततीमा कटाई और एग्री स्टैक परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में फरीदाबाद से अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने संबंधित अधिकारियों के साथ भाग लिया और जिले से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।

डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि एग्री स्टैक के माध्यम से किसानों की भूमि से संबंधित संपूर्ण डाटा एक क्लिक पर उपलब्ध होगा। उन्होंने 18 दिसंबर से जिलों के गांवों में फार्मर आईडी बनाने के लिए शिविर लगाने और 24 दिसंबर तक अधिकतम फार्मर आईडी तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही ततीमा अपडेशन कार्य को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।

वीसी के बाद एडीसी सतबीर मान ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए निर्देश दिए कि ततीमा अपडेशन को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और सभी रिपोर्ट समय पर भेजी जाएं। उन्होंने ऑनलाइन रजिस्ट्री के दौरान अनावश्यक ऑब्जेक्शन न लगाने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर को जिले के निर्धारित गांवों में फार्मर आईडी शिविर लगाए जाएंगे। एग्री स्टैक पोर्टल के माध्यम से किसानों की भूमि की प्रमाणिक जानकारी एकत्र कर डिजिटल फार्मर आईडी बनाई जाएगी, जिससे किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

बैठक में डीआरओ विकास सिंह, डीडीपीओ प्रदीप कुमार, तहसीलदार नेहा सहारन, भूमिका लांबा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।