Faridabad/Alive News: पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के निर्देश पर हरियाणा पुलिस द्वारा 1 दिसंबर से “ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध नशा, हथियार, शराब, जुआ-सट्टा और संगीन अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस ने इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पिछले 15 दिनों में 717 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 99 मामले दर्ज कर 113 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 23 देसी कट्टे, 4 पिस्टल, 6 कारतूस, 13 किलो 399 ग्राम गांजा, 18.4 ग्राम स्मैक, 783 बोतल देसी शराब, 73 बोतल अंग्रेजी शराब और जुए के 14,210 रुपये बरामद किए हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने संगीन अपराधों में शामिल 5,000 रुपये के इनामी आरोपी दीपक उर्फ मिट्टी, निवासी फज्जूपुर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना खेड़ी पुल के एक लूट के मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ लूट, मारपीट, एक्सटॉर्शन, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम सहित कुल 8 मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा अपराध शाखा AVTS सिकरौना की टीम ने वीरेंद्र उर्फ काका को गिरफ्तार किया है, जो गांव करनेरा में डकैती के एक मामले में वांछित था। आरोपी के खिलाफ हत्या, एक्सटॉर्शन, बलात्कार और शस्त्र अधिनियम सहित 13 मामले दर्ज हैं। वहीं अपराध शाखा सेंट्रल टीम ने कमल भड़ाना को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, एक्सटॉर्शन और शस्त्र अधिनियम सहित 14 मामले दर्ज हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि अपराधियों पर कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस सामाजिक और मानवीय कार्य भी कर रही है। सर्दी के मौसम को देखते हुए पुलिस द्वारा करीब 250 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही स्लम क्षेत्रों में बच्चों को जूते और चप्पल भी बांटे गए।
फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें, ताकि जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

