March 7, 2026

ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर यहूदी त्योहार के दौरान आतंकी हमला, 12 की मौत

International/Alive News: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर रविवार दोपहर यहूदी समुदाय द्वारा हनुक्का त्योहार मनाए जाने के दौरान आतंकियों ने गोलीबारी कर दी। इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हमले में शामिल एक आतंकी को पुलिस ने मार गिराया, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस के मुताबिक दो हमलावरों ने भीड़ पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं कोई तीसरा संदिग्ध तो इसमें शामिल नहीं था।

इस हमले में इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेट कप्तान माइकल वॉन भी मौजूद थे। वे एक रेस्तरां में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। माइकल वॉन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि बॉन्डी बीच के एक रेस्तरां में बंद रहना बेहद डरावना अनुभव था, लेकिन अब वे सुरक्षित घर पहुंच गए हैं। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों का धन्यवाद किया और पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें बॉन्डी बीच पर अफरा-तफरी और शव बिखरे दिखाई दे रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस हमले को बेहद दुखद और चौंकाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला सिर्फ यहूदी समुदाय पर नहीं, बल्कि पूरे ऑस्ट्रेलिया पर हमला है।

प्रधानमंत्री अल्बनीज ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया में नफरत, हिंसा और आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि यह हमला जानबूझकर यहूदी नागरिकों और उनके पवित्र त्योहार को निशाना बनाकर किया गया।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भारत इस दुख की घड़ी में ऑस्ट्रेलिया के साथ खड़ा है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा समर्थन करता है।

ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि देश में आतंकी खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।