March 7, 2026

‘धुरंधर’ के मिडनाइट शो शुरू: जबरदस्त डिमांड के चलते मुंबई–पुणे में बढ़े शो, 9 दिनों में कमाई 300 करोड़ पार

Entertainment/Alive News: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 9 दिन बाद भी फिल्म के ज्यादातर शो हाउसफुल चल रहे हैं। दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए अब फिल्म के मिडनाइट शो भी शुरू कर दिए गए हैं। मुंबई में अब रात 12:45 बजे नया शो जोड़ा गया है, जबकि पुणे में 12:20 बजे से मिडनाइट शो शुरू हो गया है। इसके अलावा देर रात 12:50, 1:25, 2:10, 2:30, 3:00, 3:30, 3:35, 4:05 और 4:10 बजे तक के शो भी एड किए गए हैं।

फिल्म ने रिलीज के 9वें दिन (शनिवार) को 53.70 करोड़ रुपए की कमाई की, जो अब तक का सबसे ज्यादा सिंगल डे कलेक्शन है। रविवार को इसमें और बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 306 करोड़ रुपए पहुंच चुका है और यह 300 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है।

अब तक का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन:

5 दिसंबर (ओपनिंग डे): 28.60 करोड़, 6 दिसंबर: 33.10 करोड़, 7 दिसंबर: 44.80 करोड़, 8 दिसंबर: 24.30 करोड़, 9 दिसंबर: 28.60 करोड़, 10 दिसंबर: 29.20 करोड़, 11 दिसंबर: 29.40 करोड़, 12 दिसंबर: 34.70 करोड़, 13 दिसंबर: 53.70 करोड़। कुल कलेक्शन: लगभग 306 करोड़ रुपए

महज 9 दिनों में ‘धुरंधर’ इस साल की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। हालांकि यह अभी ‘छावा’ और ‘सैयारा’ से पीछे है, लेकिन मौजूदा रफ्तार को देखते हुए इसके आगे निकलने की संभावना जताई जा रही है।

2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में:

कांतारा चैप्टर 1 – 850 करोड़, छावा – 797 करोड़, सैयारा – 579 करोड़, क्रली – 514 करोड़ और धुरंधर – 306 करोड़।

फिल्म ‘धुरंधर’ का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जो इससे पहले ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ बना चुके हैं। फिल्म में रणवीर सिंह एक खुफिया एजेंट की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो अंडरकवर मिशन पर पाकिस्तान जाता है। उनके साथ सारा अर्जुन लीड रोल में हैं। वहीं अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन भी अहम किरदारों में दिखाई दे रहे हैं।