Yamunanagar/Alive News: हरियाणा के यमुनानगर में एक महिला की गर्दन कटी नग्न लाश मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली उमा के रूप में हुई है। इस हत्याकांड में उसका प्रेमी बिलाल आरोपी निकला, जिसे निकाह से एक दिन पहले गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, बिलाल और उमा पिछले दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। उमा पहले से शादीशुदा थी और एक बच्चे की मां थी, लेकिन वह लंबे समय से अपने पति और परिवार से अलग रह रही थी। इस दौरान बिलाल ही उसका सारा खर्च उठाता था।
इसी बीच बिलाल के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी और 14 दिसंबर को उसका निकाह होना था। उमा इस शादी का विरोध कर रही थी और बिलाल पर खुद से शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी दबाव से बचने के लिए बिलाल ने उमा की हत्या की साजिश रची।
6 दिसंबर को बिलाल उमा को घुमाने के बहाने कार में बैठाकर यमुनानगर ले आया। रात के समय प्रताप नगर के बहादरपुर गांव के पास उसने कार रोक दी और सीट बेल्ट से उमा का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसने शव की गर्दन काट दी और कपड़े उतार दिए। धड़ को पांवटा हाईवे के पास एक पॉपलर की नर्सरी में फेंक दिया, जबकि कटा सिर और कपड़े कलेसर जंगल में फेंक दिए, ताकि पहचान न हो सके।
शव मिलने के बाद पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में यूपी नंबर की कार नजर आई, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला। मोबाइल लोकेशन और अन्य कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आरोपी बिलाल तक पहुंची। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वहां शादी की तैयारियां चल रही थीं।
पुलिस पूछताछ में बिलाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे डर था कि उमा उसके घर पहुंचकर रिश्ते की सच्चाई बता देगी, जिससे उसकी शादी टूट सकती थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, गला काटे जाने से पहले उमा की मौत हो चुकी थी या वह बेहोश थी। विसरा और अन्य सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है और रिमांड की मांग की जाएगी। मृतका के परिजनों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।

