Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद में लंबित और अवैध पानी व सीवर कनेक्शनों को नियमित करने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। यह जानकारी निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने पानी और सीवर कनेक्शनों तथा पानी बिल रिकवरी से संबंधित समीक्षा बैठक के दौरान दी।
अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने सभी जोन के क्षेत्रीय एवं कर अधिकारियों, कार्यकारी अभियंताओं, एसडीओ और संबंधित इंस्पेक्टरों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लंबित और अवैध कनेक्शनों को जल्द से जल्द वैध (रेगुलर) किया जाए ताकि नागरिकों को पानी बिल जमा करने, नया कनेक्शन लेने और अन्य सेवाओं में किसी प्रकार की समस्या न आए।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा जल्द ही शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां लोगों के लंबित या अवैध पानी और सीवर कनेक्शनों को नियमित किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सभी आवश्यक रिपोर्ट समय पर तैयार रखें और यह सुनिश्चित करें कि अधिक से अधिक उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
सलोनी शर्मा ने शहरवासियों से अपील की कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने पानी और सीवर के कनेक्शन निगम में वैध नहीं कराए हैं, वे जल्द से जल्द अपने संबंधित जोन कार्यालय में जाकर उन्हें वैध करवा लें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।
बैठक में कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान, एसडीओ अमित चौधरी, क्षेत्र एवं कर अधिकारी विकास कन्हैया, सुमन रतरा, सृष्टि बब्बर, दीपा पब्बी, अशोक कुमार सहित संबंधित इंस्पेक्टर मौजूद रहे।

