March 8, 2026

फरीदाबाद: वोल्गा टेलर्स की दुकान में रात को लगी आग, लाखों का सामान राख

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र स्थित जवाहर कॉलोनी में गुरुद्वारे के पास वोल्गा टेलर्स की दुकान में देर रात अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाडियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।

रात 12:30 बजे लगी आग, पड़ोसियों ने दी सूचना
दुकान के मालिक मुन्नीलाल ने बताया कि रात लगभग 12:30 बजे पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान में आग लगी है। जब वे पहुंचे तो दुकान में भीषण आग लगी हुई थी और लपटें ऊपर की मंज़िल तक पहुंच रही थीं। तब तक दुकान का ज़्यादातर सामान जल चुका था।

तीन दिन से दुकान बंद, शॉर्ट सर्किट की आशंका
मुन्नीलाल के अनुसार दुकान में रेडीमेड गारमेंट और कोट-पेंट, पैंट-शर्ट सिलने का काम होता है। नीचे दुकान और ऊपर सिलाई मशीनें लगी थीं। परिवार में शादी होने के कारण दुकान तीन दिनों से बंद थी। उन्हें शक है कि कोई लाइट या मशीन गलती से चालू रह गई होगी, जिससे शॉर्ट सर्किट होकर आग लगी।

सारा सामान जलकर राख, लाखों का नुकसान
आग में दुकान का सारा कपड़ा, मशीनें और रेडीमेड गारमेंट पूरी तरह जल गए। पहली मंज़िल तक आग पहुंचने से ऊपर की मशीनें भी नष्ट हो गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

दमकल ने आधे घंटे में पाया काबू, जांच जारी
दमकल टीम ने समय रहते पहुंचकर आग बुझाने का काम किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शॉर्ट सर्किट की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।