March 8, 2026

फैक्ट्री मालिक ने किया सुसाइड : बैंक कर्मी पहुंचा तो फांसी लगाई

Faridabad/Alive News: करनाल में एक फैक्ट्री मालिक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह बैंक में भी नौकरी करता था और अपनी फैक्ट्री में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के नाम पर 13 लाख रुपए का लोन ले रखा था। बैंक कर्मी के घर पहुंचने के बाद उसने यह कदम उठाया है।

पुलिस का कहना है कि एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मॉच्र्युरी भेजा और बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

सिलसिलेवार पढ़िए, पूरा मामला

3 महीने पहले लिया था लोनः मृतक की पहचान रविंद्र मेहता के रूप में हुई है। करनाल के रामनगर क्षेत्र में डिस्पोजल की फैक्ट्री का मालिक था। रविंद्र ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाली कर्मचारी सीमा के डॉक्यूमेंट के आधार पर 3-4 महीने पहले 12-13 लाख रुपए का लोन लिया था। सीमा भी करनाल के रामनगर की रहने वाली है।

मालिक का सीमा पर भरोसा थाः सीमा के भाई व पिता नेबताया कि फैक्ट्री मालिक का सीमा के प्रति विश्वास था और सीमा को भी भरोसा था, लेकिन इसी भरोसे के चलते सीमा के नाम पर इतना बड़ा लोन ले लिया गया, जबकि सीमा की आर्थिक स्थिति भी ऐसी नहीं, जिसके आधार पर उसे लोन मिल जाए।

नकली गहने जमा कर लिया था लोनः मंगलवार को बैंक वाले हमारे घर आए और बोले कि सीमा ने लोन लिया हुआ है, और जो गहने गिरवी रखे है वे नकली है। जिस बैंक में रविंद्र काम करता था, उसी बैंक से लोन लिया गया है, रविंद्र ही घर से गहने लेकर गया था और उसी ने गहने बैंक में लोन के लिए रखे थे। अब सवाल तो यह उठता है कि जब लोन हुआ था, उस वक्त गहनों की जांच क्यों नहीं की गई और लोन कैसे दे दिया? अब गलती लोन देने वालो की ही है

बैंक में गोल्ड चेकर था मृतकः सीमा का कहना है कि वह फैक्ट्री में चार साल से काम कर रही है। रविंद्र सोमवार से ही बहुत परेशान हो रहे थे। मंगलवार को 12 बजे आए और बोले कि फैक्ट्री बंद कर दो। जब मैने कारण पूछा तो उन्होंने कि मैने बोला है ना फैक्ट्री बंद कर दो। सीमा ने बताया कि इसके बाद मैने फैक्ट्री बंद कर दी और चाबी लेकर घर की तरफ चलने लगी। मैं थोड़ी सी दूर ही निकली थी कि उन्होंने मेरे को आवाज लगाई और चाबी ले ली। मैने पूछा कि आप कहां जा रहे हो, तो उन्होंने बताया था कि मैं घर जा रहा हूं। मेरी इतनी ही बात रविंद्र से हुई थी।

मुझे नहीं पता नकली सोना बैंक में रखाः सीमा ने बताया कि रविंद्र ने मेरे नाम पर बैंक से लोन लिया था। जिसके बारे में मुझे पता था। बैंक वाले शाम को मेरे घर पर आए और बताया कि आपने नाम पर लोन है और जो गोल्ड बैंक में रखा गया है वह नकली है। सीमा ने बताया कि अब मुझे थोड़े ही पता था कि इन्होंने नकली सोना बैंक में रखा है। सीमा ने बताया कि जिस बैंक में रविंद्र काम करता था, वहां पर वह गोल्ड चेक करने का भी काम करता था। इन्होंने वहां से लोन लिया और गोल्ड रख दिया। पैसे मेरे खाते में आए थे। अब बैंक वाले मेरे घर आए और बोले कि यह लोन का पैसा आपको ही भरना पड़ेगा, क्योंकि लोन आपके नाम पर है।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शवघटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में भेज दिया और बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रामनगर थाना में पुलिस जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि रविंद्र नाम के व्यक्ति ने सुसाइड किया है। दोपहर बाद रविंद्र ने कर्मचारियों की छुट्टी की और फिर बाहर के मेन घर का ताला लगाया और फिर अंदर छोटे दरवाजे से गए और अंदर से लॉक लगाकर सुसाइड कर लिया। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।