March 10, 2026

बदरपुर सैद का उत्कृष्ट लिंगानुपात बना मिसाल, प्रशासन ने की सराहना

Faridabad/Alive News : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर से गांव बदरपुर सैद में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एडीसी सतबीर मान और डीसीपी राजकुमार ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा सार्वजनिक और व्यक्तिगत समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

एडीसी सतबीर मान ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने बदरपुर सैद के लगभग 12 हजार प्रति एक हजार के उत्कृष्ट लिंगानुपात की सराहना करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि गांव ने कृषि विविधीकरण और विकास कार्यों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। मांग पत्र में दर्ज मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी तथा बिजली, बीएनआर, आंगनवाड़ी केंद्र और बारात घर से जुड़े प्रस्तावों पर विभागीय स्तर पर उचित प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

डीसीपी राजकुमार ने गांव के नशा-मुक्त वातावरण की प्रशंसा की और ग्रामीणों से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को 9050891508, 1933 या NCB MANAS पोर्टल पर दें। उन्होंने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और 112 नंबर की महत्ता पर भी जागरूक किया।

कार्यक्रम में 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।