March 12, 2026

कैबिनेट मंत्री ने कलाकारों को दी बधाई

Faridabad/Alive News : जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा से सभागार में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एनआईटी-5 की छात्राओं द्वारा सरस्वती एवं गणेश वंदना की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। इसके बाद गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा की छात्राओं ने “म्हारी गीता जयंती कुरुक्षेत्र में आके देखो जी” गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने पूरा सभागार ऊर्जा से भर दिया।

एनटीपीसी स्थित डीएवी स्कूल की छात्रा अदिति ने सोलो कथक नृत्य के माध्यम से शास्त्रीय नृत्य की सुंदरता को मंच पर जीवंत कर दिया। उनकी लयबद्धता और भावाभिव्यक्ति को विशेष प्रशंसा मिली।

अग्रवाल कॉलेज के पांच विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत “ऐ देश मेरे” ने माहौल को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। उनकी सामूहिक प्रस्तुति को दर्शकों ने अत्यंत सराहा।लोक कलाकार राजकुमार तेवतिया ने रागनी प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में पारंपरिक लोक रंग भी घोल दिया। उनकी गायकी ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।

कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर सभी कलाकारों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर महिला आयोग अध्यक्ष रेणु भाटिया, जिला अध्यक्ष सोहनपाल छोकर, एडीसी सतबीर मान, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, नगराधीश अंकित कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी मूर्ति दलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।