Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने सेक्टर-24 स्थित एक कंपनी से तांबा, पिकअप गाड़ी और अन्य सामान लूटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 23/24 नवंबर की रात 5-6 लोग त्रिकूटा मेटल्स प्लांट में घुसे। उन्होंने वहां के चौकीदार को बंधक बना लिया और लगभग 2000 किलो तांबा, एक पिकअप गाड़ी और दो LED टीवी लूटकर फरार हो गए। इस घटना पर जतिन चोपड़ा की शिकायत पर थाना मुजेसर में मामला दर्ज किया गया था।
अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप सुमन (42) और सूरज (39), दोनों निवासी मुंदेरी, मुंगेर (बिहार), को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि संदीप सुमन इस लूट का मास्टरमाइंड है। वह छह महीने पहले इसी कंपनी में काम करता था और इस समय प्याला में गार्ड की नौकरी कर रहा था। पैसों की जरूरत के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। संदीप पर पहले भी बिहार में हत्या का मामला दर्ज है और वह जेल जा चुका है। सूरज, संदीप के ही गांव का रहने वाला है और काम की तलाश में फरीदाबाद आया था।
पुलिस ने दोनों को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से पकड़ा, जब वे बिहार भागने की कोशिश कर रहे थे। उनके कब्जे से 2110 किलो तांबा, दो LED टीवी और एक पिकअप गाड़ी बरामद की गई, जिनकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।

