Faridabad/Alive News : भारत सरकार की 2025 तक टीबी मुक्त भारत मुहिम को गति देने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी राष्ट्रीय मुख्यालय एवं हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जिला रेडक्रॉस सोसायटी पलवल द्वारा एक दिवसीय टीबी स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सचिव बिजेंद्र सौरोत के नेतृत्व में तथा जिला स्वास्थ्य विभाग पलवल के सहयोग से श्री सिंह साहब गुरुद्वारा, दुकड़िया मोहल्ला पलवल में लगाया गया।
शिविर का शुभारंभ जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. संजीव तंवर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य 2025 तक देश को टीबी मुक्त बनाना है और इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी मिलकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग शिविरों के माध्यम से टीबी जैसे गंभीर रोग का समय रहते पता लगाकर इलाज संभव हो पाता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सौरोत ने कहा कि टीबी एक खतरनाक संक्रामक रोग है, लेकिन समय पर जांच और उचित इलाज से इससे पूरी तरह निजात पाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करवाएं और अपने परिवार को भी जागरूक करें।
शिविर में कुल 173 लोगों की टीबी जांच, आंखों की जांच, रक्तचाप, ब्लड शुगर, एचआईवी, हीमोग्लोबिन तथा जोड़ों की जांच की गई।
शिविर की संयोजिका एवं लेखाकार, जिला रेडक्रॉस सोसायटी पलवल, अंजलि भयाना एवं जिला तपेदिक समन्वयक आरती मौर्य ने बताया कि रेडक्रॉस के “स्वास्थ्य-सेवा-मित्रता” उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए ये शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीबी का इलाज संभव है और इससे बचाव के लिए पौष्टिक आहार एवं समय-समय पर जांच बेहद आवश्यक है।
शिविर को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम समन्वयक वेद प्रकाश, दिनेश कुमार, जिला प्रशिक्षण अधिकारी नीतू सिंह, टीआई प्रोजेक्ट मैनेजर भोजपाल सहरावत, सलाहकार अनीता शर्मा, लेखाकार हेमवती, ओआरडब्ल्यू भूरी तथा स्वयंसेवक सुनीता, हेमलता, सुमन, ममता, रोहताश और विशाल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

