Faridabad/Alive News: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के सेक्टर 23 स्थित सर्कल ऑफिस में वीरवार को हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन (भिवानी-292) की एक जरूरी बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनिट प्रधान लेखराज चौधरी ने की और संचालन सचिव मुकेश शर्मा ने किया। इस दौरान यूनियन के प्रदेश नेता विनोद शर्मा भी मौजूद रहे।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रधान लेखराज चौधरी ने बताया कि यूनियन लगातार कर्मचारियों की समस्याओं को हल कराने के लिए प्रयास कर रही है। कई ऐसे काम, जिनके लिए कर्मचारी बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगा रहे थे, उन्हें यूनियन ने प्राथमिकता से अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान करवाया है। हाल ही में चारों जोन के कार्यकारी अभियंताओं और अधीक्षण अभियंता जितेंद्र सिंह ढुल के साथ यूनियन की बैठक हुई, जिसमें कर्मचारियों की 19 मुख्य मांगों को उठाया गया। अधिकारियों ने इन मांगों को पहली प्राथमिकता पर रखते हुए कई कामों की रफ्तार बढ़ा दी है, जबकि बाकी लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए 9 दिसंबर तक का समय मांगा है।
यूनियन नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक कर्मचारियों की हर समस्या का समाधान नहीं होता, वे शांत नहीं बैठेंगे। अगर 9 दिसंबर तक सभी काम पूरे नहीं हुए, तो यूनियन अपनी अगली बैठक में नया फैसला लेगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन की घोषणा भी की जा सकती है।
बैठक में पूर्व सर्कल सचिव सन्तराम लाम्बा, प्रधान मदनगोपाल शर्मा, सचिव सुरेंद्र कौशिक, प्रधान सुनील चौहान, सचिव रविदत्त शर्मा, प्रधान मुकेश पंडित, राजबीर शर्मा, संदीप पंघाल, परवीन शर्मा समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

