Faridabad/Alive News: संविधान दिवस के अवसर पर राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा में जूनियर रेडक्रॉस (JRC), सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और गाइड्स की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में किया गया।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों में संविधान और उसके मूल्यों के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना का विचार अमेरिका के संविधान से और उसकी भाषा ऑस्ट्रेलिया के संविधान से ली गई है। प्रस्तावना की शुरुआत “हम भारत के लोग…” से होती है और 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत होने पर समाप्त होती है।
कार्यक्रम में छात्रों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। बालिकाओं ने संविधान में दिए मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री के अधिकारों के बारे में जानकारी प्रस्तुत की।
प्राचार्य मनचंदा, प्राध्यापक जितेंद्र और प्राध्यापिका गीता ने आम बैठक में सभी सदस्यों को संबोधित किया। बच्चों द्वारा बनाए गए पोस्टर और पेंटिंग की सभी ने प्रशंसा की।कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्राध्यापिका गीता और सुशीला सहित सभी शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। प्राचार्य मनचंदा ने सभी शिक्षकों और उपस्थित जनों का धन्यवाद किया। पोस्टर और पेंटिंग प्रतियोगिता का परिणाम कल घोषित किया जाएगा।

