March 8, 2026

निवेश के नाम पर 16 लाख की साइबर ठगी, आरोपी खाताधारक समेत 3 गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने निवेश में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 16,04,992 रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक खाताधारक भी शामिल है।

शिकायतकर्ता, जो सेक्टर-86 फरीदाबाद का रहने वाला है, ने पुलिस को बताया कि उसकी फेसबुक के जरिए एक महिला से दोस्ती हुई थी। बाद में दोनों की बातचीत व्हाट्सऐप पर होने लगी। महिला ने उसे एक कंपनी में निवेश करके अच्छा लाभ कमाने का लालच दिया।

महिला की बातों में आकर उसने अलग-अलग खातों में कुल 16,04,992 रुपये भेज दिए। जब उसने लाभ के साथ पैसा निकालने की कोशिश की तो पैसा नहीं निकला। ठगों ने उल्टा उससे 6 लाख रुपये और मांग लिए। तभी उसे पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हुआ है। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों दीपक कश्यप (33), पंकज (43) निवासी मेरठ और दीपक (19) निवासी गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि खाताधारक दीपक कश्यप का बैंक खाता पंकज ने खुलवाया था और उसे आगे ठगों को दे दिया था। वहीं दूसरे दीपक ने अपने मोबाइल से यह खाता ऑपरेट किया था। पंकज 10वीं पास है और वाई-फाई लगाने का काम करता है, दीपक कश्यप 8वीं पास है और बिरयानी की दुकान चलाता है, जबकि दूसरा दीपक बी.ए. की पढ़ाई कर रहा है।

तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से दीपक कश्यप को जेल भेज दिया गया, जबकि पंकज और दूसरे दीपक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।