March 8, 2026

सुषमा स्वराज कॉलेज में होगा जिला स्तरीय संविधान दिवस समारोह : एडीसी

Faridabad/Alive News: अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने बताया कि संविधान के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए 26 नवंबर को जिला स्तरीय संविधान दिवस समारोह बल्लभगढ़ स्थित सुषमा स्वराज गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में आयोजित किया जाएगा। जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में भी इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

एडीसी ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों में संवैधानिक मूल्यों को समझने और अपनाने की प्रेरणा देना है। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा 2015 में लिए गए निर्णय के बाद से हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है।

जिला स्तरीय कार्यक्रम के तहत शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन क्विज, वॉल आर्ट और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन होगा। इसके साथ ही भारतीय संविधान की प्रस्तावना का मूल पाठ भी किया जाएगा।

एडीसी ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की शासन व्यवस्था, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और मूलभूत सिद्धांतों का आधार है, इसलिए इसकी जानकारी हर नागरिक को होनी चाहिए।

इस अवसर पर एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अंशुल सिंगला, एसीपी राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।