March 7, 2026

फरीदाबाद में नेपाल के युवक ने की आत्महत्या: कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पत्नी से चल रहा था विवाद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-19 स्थित राजा गार्डन की गोपी कॉलोनी में नेपाल के रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। मृतक सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था।

ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो साथियों ने की तलाश

ओल्ड थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विष्णु (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नेपाल का रहने वाला था। वह पिछले कई सालों से अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ गोपी कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। वह रिलैक्स सोन क्लीनिंग सर्विस में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था।

मंगलवार को जब विष्णु ड्यूटी पर नहीं पहुंचा और फोन भी नहीं उठा रहा था, तो उसके साथी कर्मचारी उसको देखने उसके घर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था और खटखटाने पर भी उसने कोई जवाब नहीं दियाl एक कर्मचारी ने खिड़की से अंदर देखा तो विष्णु का शव पंखे से लटका मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पत्नी बच्चों के साथ नेपाल में, विष्णु अकेला रह रहा था
पुलिस जांच में पता चला कि विष्णु की पत्नी और बच्चे करीब डेढ़ महीने पहले नेपाल चले गए थे। विष्णु यहां अकेला रह रहा था। थाना इंचार्ज के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। साथियों ने पुलिस को बताया कि विष्णु का अपनी पत्नी के साथ कुछ समय से विवाद चल रहा था, जिससे वह परेशान रहता था।

पोस्टमॉर्टम के बाद आगे की जांच जारी
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। ओल्ड थाना पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं को खंगाल रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सके।