March 7, 2026

रेवाड़ी में 8वीं की छात्रा ने फीस न भर पाने से आहत होकर की आत्महत्या

Rewari/Alive News: हरियाणा के रेवाड़ी में 14 वर्षीय एक छात्रा ने सोमवार शाम आत्महत्या कर ली। परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और स्कूल की फीस भरने में सक्षम नहीं था। इसी कारण कुछ महीने पहले उसकी पढ़ाई छुड़वा दी गई थी। पढ़ाई बंद होने से बच्ची मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।

धारूहेड़ा के सेक्टर-6 हाउसिंग बोर्ड में किराए के मकान में रहने वाली इस छात्रा की पहचान रिंकू कुमारी (14) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मोतिहारी की रहने वाली थी।

पढ़ाई में होशियार थी, लेकिन हालात बन गए वजह
रिंकू आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। उसके पिता इलेक्ट्रिशियन हैं, जबकि मां सब्जी की रेहड़ी लगाती हैं। परिवार में 5 और भाई-बहन हैं। घटना के समय माता-पिता काम पर गए थे और रिंकू घर पर अकेली थी। बाकी बच्चे बाहर खेल रहे थे।

घर लौटे तो फंदे पर लटकी मिली
शाम करीब साढ़े छह बजे जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने रिंकू को पंखे से लटका देखा। परिवार उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा गया
सूचना मिलने पर धारूहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई महिपाल के मुताबिक, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस: पढ़ाई बंद होना कारण लग रहा है
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी तरह का दबाव या बाहरी कारण सामने नहीं आया है। पढ़ाई बंद होना ही आत्महत्या की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है।