Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले ही चार आरोपी ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं।
शिकायतकर्ता विक्रम कौशल, निवासी तिरखा कॉलोनी ने पुलिस को बताया था कि 7 नवंबर की शाम वह पानी की टंकी के पास चबूतरे पर बैठा था। तभी करण नाम का युवक वहां आया और उससे वहां से जाने को कहा। कहासुनी होने पर करण ने अपने भाइयों और दोस्तों को बुला लिया, जिन्होंने विक्रम पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। इस पर थाना शहर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज हुआ।
पुलिस चौकी अग्रसेन चौक की टीम ने मामले में शिवम (22), निवासी मराची पटना, हाल तिरखा कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में शिवम ने बताया कि वह करण और अन्य आरोपियों का दोस्त है। उन्हें शक था कि शिकायतकर्ता उनकी मुखबरी करता है। इस बात पर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने ईंट मारकर हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी शिवम को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में पहले ही तीन सगे भाई कपिल, करण और पंकज सहित चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

