Entertainment/Alive News: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना और म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुच्छल की आज होने वाली शादी फिलहाल टाल दी गई है। यह शादी महाराष्ट्र के सांगली में होनी थी। स्मृति के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने बताया कि उनके पिता की अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके कारण परिवार ने शादी को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
शादी से पहले सांगली के समडोली रोड स्थित मंधाना फार्म हाउस में संगीत सेरेमनी रखी गई थी। इस कार्यक्रम की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वीडियो में स्मृति ने पलाश के लिए खास डांस परफॉर्मेंस भी दिया था, जिसे देखकर परिवार, दोस्त और फैंस काफी खुश हुए। प्री-वेडिंग फंक्शन्स में दोनों परिवारों के लोग, करीबी दोस्त और भारतीय महिला टीम की कई खिलाड़ी शामिल हुईं। सांगली में खास वेडिंग वेन्यू की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं, जिसकी तस्वीरें लगातार सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।
2019 से शुरू हुई थी स्मृति और पलाश की कहानी
स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की मुलाकात साल 2019 में मुंबई में एक दोस्त के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने लंबे समय तक अपने रिश्ते को निजी रखा और 2024 में पहली बार इसे सार्वजनिक किया। छह साल के साथ के बाद दोनों शादी करने जा रहे थे। पलाश ने स्मृति को नवी मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम में प्रपोज किया था यही वह जगह है जहां स्मृति ने भारतीय टीम को वर्ल्ड कप जिताया था। उन्होंने अपनी बांह पर स्मृति के नाम के शुरुआती अक्षर और जर्सी नंबर “SM18” का टैटू भी बनवाया है।
कौन हैं पलाश मुच्छल?
पलाश मशहूर सिंगर पलक मुच्छल के छोटे भाई हैं। उनका जन्म 1995 में हुआ था। उन्होंने 2014 की फिल्म ढिश्कियाऊं से संगीत निर्देशन की शुरुआत की। उन्होंने भूतनाथ रिटर्न्स के ‘पार्टी तो बनती है’ और ‘तू ही है आशिकी’ जैसे लोकप्रिय गानों का म्यूजिक भी दिया है।
शादी की नई तारीख परिवार की परिस्थिति सामान्य होने पर तय की जाएगी।

