March 8, 2026

मस्जिद में सर्च के दौरान संदिग्ध पाउडर मिला, पुलिस ने लैब जांच के लिए भेजा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक मस्जिद के अंदर से संदिग्ध पाउडर बरामद किया है। यह कार्रवाई हाल ही में अल फलाह यूनिवर्सिटी के आतंकी कनेक्शन मामले के बाद लगातार चल रहे पुलिस अभियान के तहत की गई।

मस्जिद से मिला सफेद और काला पाउडर
डबुआ थाना इंचार्ज रणधीर सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र की त्यागी मार्केट में बनी जामा मस्जिद की चेकिंग के दौरान पुलिस को तीन पैकेट मिले एक कट्टे में दानेदार सफेद पाउडर, दूसरी पॉलिथीन में बारीक सफेद पाउडर और तीसरे प्लास्टिक कट्टे में दानेदार काले रंग जैसा पदार्थ। पुलिस ने तीनों पैकेट को कब्जे में लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि यह पाउडर क्या है।

अवैध शराब भी बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों से अवैध अंग्रेजी और देसी शराब भी पकड़ी। इन मामलों में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

किरायेदार वेरिफिकेशन के सख्त निर्देश
इलाके के सभी मकान मालिकों को हिदायत दी गई है कि वे अपने किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन जल्द कराएं। ऐसा न करने पर मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

मस्जिद व मदरसे में सतर्कता बढ़ाई गई
पुलिस ने मस्जिदों में इमाम और मौलवियों को निर्देश दिया है कि मस्जिद में आने वाले किसी भी नए व्यक्ति या जमात की जानकारी थाने को दें। एक मदरसे में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बच्चों से उनके घर और पढ़ाई के बारे में भी जानकारी ली।

पुलिस का कहना है कि सुरक्षा को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।