Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चावला कॉलोनी के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) परिसर में शनिवार को प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के अंतर्गत रेहड़ी-पटरी संचालकों को कार्यशील पूंजी ऋण वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद जसवंत पंवार सैनी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एसबीआई के मुख्य बैंक प्रबंधक सौरभ शर्मा एवं रामकुमार कौशिक ने पार्षद पंवार का बुके और शॉल भेंट कर स्वागत किया। पार्षद ने करीब एक दर्जन लाभार्थियों को ऋण प्रमाण पत्र सौंपे।
अपने संबोधन में पार्षद जसवंत पंवार सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना शहरी रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण माइक्रो-क्रेडिट योजना है। यह योजना 1 जून 2020 को आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुरू की गई थी। इसके तहत रेहड़ी-पटरी वालों को 10,000 रुपये तक का प्रारंभिक कार्यशील पूंजी ऋण मिलता है। समय पर पुनर्भुगतान करने पर 20,000 और बाद में 50,000 रुपये तक का ऋण भी प्राप्त किया जा सकता है। योजना डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देती है और इसके लिए प्रति माह 100 रुपये तक कैशबैक का प्रावधान है।
एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल दलाल ने बताया कि योजना का उद्देश्य शहरी स्ट्रीट वेंडर्स को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना और वित्तीय रूप से सशक्त बनाना है। प्रथम चरण में 1 वर्ष की अवधि के लिए 10,000 रुपये, दूसरे चरण में 18 महीने के लिए 20,000 रुपये तथा तीसरे चरण में 36 महीने के लिए 50,000 रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाता है। नियमित पुनर्भुगतान करने वाले लाभार्थियों को सभी चरणों में 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी भी दी जाती है।
कार्यक्रम में फरीदाबाद जिले के विभिन्न एसबीआई शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

