March 7, 2026

दिल्ली ब्लास्ट के बाद फरीदाबाद में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन

Faridabad/Alive News: दिल्ली ब्लास्ट के बाद फरीदाबाद में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी वजह से जिले के धौज गांव में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने अचानक सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने मस्जिद, बाजार, दुकानों, होटलों, घरों और गोदामों की अच्छी तरह जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया।

NIA ने गांव से पकड़े कई लोग

NIA ने धौज गांव से लैब टेक्नीशियन बाशिद, वार्ड ब्वॉय शोएब, टैक्सी ड्राइवर सब्बीर और मोबाइल दुकान चलाने वाले साबिर को हिरासत में लिया है। इनसे लगातार पूछताछ हो रही है। जांच एजेंसी ने गांव की एक टैक्सी ड्राइवर के घर से आटा पीसने वाली चक्की और अमोनियम नाइट्रेट को अलग करने वाली मशीन भी बरामद की है। माना जा रहा है कि डॉ. मुजम्मिल और डॉ. उमर इसी मशीन से खाद को पीसकर धमाके में इस्तेमाल होने वाला रॉ मटीरियल तैयार करते थे।

अल-फलाह यूनिवर्सिटी से आतंक के कनेक्शन

जांच में सामने आया है कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े कुछ लोग आतंकियों के संपर्क में थे। यहां से डॉ. मुजम्मिल, डॉ. शाहीन, लैब टेक्नीशियन बाशिद और वार्ड ब्वॉय शोएब पहले ही पकड़े जा चुके हैं।
इसके अलावा गांव फतेहपुर तगा के इमाम इश्तियाक, गांव सिरोही के इमाम इमामुद्दीन और धौज के टैक्सी ड्राइवर सब्बीर को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी किसी न किसी तरह से आतंकियों की मदद कर रहे थे।

कबाड़ी गोदाम, होटल और घरों की तलाशी

शनिवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस की कई टीमें धौज गांव पहुंचीं। उन्होंने बाजार में कबाड़ी गोदाम, आसपास की दुकानें और होटल खंगाले। इसके बाद मस्जिद के पास बने कई घरों की भी जांच की गई।
जांच में पुलिस को कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि यह संयुक्त सर्च ऑपरेशन है और सुरक्षा को देखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।