March 8, 2026

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 2500 विद्यार्थियों ने ली शपथ

Faridabad/Alive News: शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सराय ख्वाजा गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जूनियर रेडक्रॉस और सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में 2500 से अधिक विद्यार्थियों ने नशा न करने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य मनचंदा ने बताया कि नशीले पदार्थ शरीर और मन दोनों पर गंभीर प्रभाव डालते हैं तथा इनके सेवन से हृदय रोग, स्ट्रोक, कैंसर और मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। प्राध्यापिका दीपांजलि ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक तथ्यों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि नशीली दवाओं से बेहोशी, विषाक्तता, अंगों को क्षति और मानसिक विकार जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने बताया कि काउंसलिंग और मनोवैज्ञानिक उपचार से नशा छोड़ना संभव है।

अंत में विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में निखिल, ज्योति, गीता, सरिता, सुशीला, ममता सहित विद्यालय स्टाफ ने भी छात्रों को नशे के प्रति जागरूक किया।