Chandigarh/ Alive News: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने राज्य सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में देरी और लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह स्थिति हरियाणा के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि सीईटी परीक्षा को हुए करीब साढ़े तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक परिणाम जारी नहीं किया गया, जिससे अभ्यर्थियों में अनिश्चितता और चिंता बढ़ रही है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पिछले एक वर्ष में एचएसएसी एक भी भर्ती प्रक्रिया पूर्ण नहीं कर पाई है, साथ ही न तो भर्ती कैलेंडर जारी हुआ है और न ही किसी परीक्षा का फिक्स सिलेबस उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अव्यवस्था की वजह से युवा लगातार इंतजार, तनाव और असमंजस की स्थिति में जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में हरियाणा में भर्ती प्रक्रियाएं ‘पंचवर्षीय योजना’ जैसी हो गई हैं, जहां पांच वर्षों में मुश्किल से 20 हजार भर्ती पूरी हो पाती हैं। इसे उन्होंने सरकार की प्रशासनिक विफलता और युवाओं के साथ अन्याय करार दिया।
सरकार से मांग करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को राहत प्रदान करने के लिए सीईटी का परिणाम जल्द से जल्द जारी किया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ सके और युवाओं का समय एवं भविष्य सुरक्षित रहे।

