Faridabad/Alive News: पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली 32वीं “उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की बैठक” 17 नवंबर को सूरजकुंड, फरीदाबाद में आयोजित की जाएगी। बैठक को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
बैठक की सुरक्षा की जिम्मेदारी संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल को सौंपी गई है। उनकी सहायता पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अभिषेक जोरवाल करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा QRT की 6 कमांडो टीमें भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगी।
सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में दिन-रात गश्त बढ़ाए, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और आवश्यक स्थानों पर नाकाबंदी करें। बस स्टैंड, भीड़-भाड़ वाले इलाकों, सिनेमाघरों, होटलों, धर्मशालाओं और ओयो होटलों में सर्च अभियान चलाकर सुरक्षा की जांच की जा रही है। बाहर से आने वाली सभी बसों की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरीदाबाद में होने वाली बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था हर स्तर पर मजबूत और प्रभावी बनी रहेगी। इसी कड़ी में 16 नवंबर को एडीजीपी कानून व्यवस्था संजय कुमार और एडीजीपी गुप्तचर विभाग सौरभ सिंह ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया।

