Delhi/Alive News: देश की राजधानी दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के बाद शुक्रवार देर रात कश्मीर के नौगाम पुलिस थाने में विस्फोट हुआ है। धमाका इतना जोरदार था कि पुलिस स्टेशन की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। इस ब्लास्ट में नौ लोग मारे गए हैं और 27 लोग घायल हुए हैं।
नौगाम धमाके पर गृह मंत्रालय का बयान
जम्मू कश्मीर में श्रीनगर के नौगाम धमाके पर गृह मंत्रालय का बयान आया है। गृह मंत्रालय के जम्मू-कश्मीर संभाग के संयुक्त सचिव प्रशांत लोखंडे ने कहा कि नौगाम की घटना एक हादसा है। फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक नौगाम थाने में फटा है। विस्फोटक का सैंपल लेने के दौरान हादसा हुआ। धामका किस वजह से हुआ है उसकी जांच जारी है। धमाके से पुलिस स्टेशन की इमारत और आसपास की कुछ संरचनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है।
कार ब्लास्ट केस में दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद से एक मौलवी को हिरासत में लिया
दिल्ली ब्लास्ट को लेकर पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद के सिरोही इलाके के एक मौलवी को हिरासत में लिया है।
नौगाम ब्लास्ट में नौ लोगों की गई जान
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि कल रात नौगाम पुलिस स्टेशन के पास हुए विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
कार ब्लास्ट मामले में दिल्ली पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की
कार ब्लास्ट मामले में दिल्ली पुलिस ने साजिश की धाराओं के तहत एक और एफआईआर दर्ज की है। स्थानीय पुलिस ने 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए विस्फोट की घटना के बाद एफआईआर दर्ज की थी।
‘यह सिर्फ एक हादसा था, अमोनियम नाइट्रेट की सैंपलिंग के दौरान धमाका’
जम्मू कश्मीर डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि नौगाम का धमाका सिर्फ हादसा था। नौगाम थाने के बाहर अमोनियम नाइट्रेट रखा था, सैंपलिंग के दौरान विस्फोट हो गया। सैंपलिंग प्रक्रिया दो दिन से चल रही थी। हादसा कैसे हुआ, किसकी गलती से ब्लास्ट हुआ इसकी जांच की जा रही है।
सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ इसी थाने में दर्ज मामले में हुआ था
जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद के सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ इसी पुलिस थाने में 19 अक्तूबर को दर्ज मामले में हुआ था। इस पुलिस थाने की जांच में ही दो ओजीडब्ल्यू की गिरफ्तारी के बाद फरीदाबाद में 2,900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे।
फरीदाबाद से जुड़े श्रीनगर ब्लास्ट के तार, पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
श्रीनगर थाने में हुए ब्लास्ट के तार फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक से जुड़ने के चलते फरीदाबाद पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में मस्जिद व अन्य धार्मिक स्थानों पर सर्च अभियान शुरू किया। शनिवार सुबह तिगांव थाना पुलिस ने कई गांव की मस्जिदों में चेकिंग की।
घायलों को श्रीनगर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों और घायलों में ज्यादातर पुलिसकर्मी और फॉरेंसिक टीम के सदस्य शामिल हैं। अब तक आठ शवों को मलबे से निकाला जा चुका है। घायलों को श्रीनगर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान करने का कार्य जारी है।
फरीदाबाद से मिले विस्फोटक की जांच के दौरान श्रीनगर में हुआ ब्लास्ट
शुरुआती जांच में सामने आ रहा है कि यह विस्फोट फरीदाबाद से मिले विस्फोटक में हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि पुलिस स्टेशन की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिसकर्मी ‘सफेदपोश’ आतंकवादी मॉड्यूल मामले के संबंध में फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक सामग्री के नमूने ले रहे थे। यह सामग्री 360 किलो विस्फोटक का हिस्सा थी, जिसे हाल ही में गिरफ्तार किए गए डॉक्टर मुजम्मिल के फरीदाबाद स्थित किराए के मकान से बरामद किया गया था।
नौगाम ब्लास्ट में 9 की मौत, थाने में रखा था विस्फोटक; फरीदाबाद से मौलवी हिरासत में
दिल्ली में लाल किले के सामने 10 नवंबर को हुए घातक विस्फोट के बाद शुक्रवार देर रात श्रीनगर के नौगाम थाने में जोरदार धमाका हुआ। धमाके में आठ लोगों की मौत हो गई और 27 लोग घायल हो गये। घायलों में अधिकांश पुलिसकर्मी हैं। घायलों को इलाज के लिए उजाला सिग्नस, SMHS और 92 बेस अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

