Faridabad/Alive News: पुलिस उपायुक्त साइबर अपराध अभिषेक जोरवाल के निर्देशन में साइबर थाना NIT फरीदाबाद की टीम ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल, NIT-3 में चल रहे जूनियर रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम में एएसआई यशपाल ने छात्रों को बताया कि बढ़ते साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया की सुरक्षा, प्राइवेसी सेटिंग्स, साइबर बुलिंग से बचाव, ऑनलाइन फ्रॉड को पहचानने के तरीके, ओटीपी व बैंकिंग फ्रॉड से सावधान रहने जैसी अहम बातें समझाईं।
टीम ने छात्रों को यह भी बताया कि संदिग्ध लिंक, ऐप या मैसेज पर क्लिक न करें और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। उन्होंने वास्तविक उदाहरण देकर बच्चों को बताया कि सरल सावधानियों से वे खुद और अपने परिवार को डिजिटल अपराधों से सुरक्षित रख सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने वहीं पर समाधान किया।
विद्यालय प्राचार्य और जूनियर रेड क्रॉस प्रशिक्षकों ने साइबर थाना NIT की टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी और आवश्यक हैं।

