March 8, 2026

सामवेद के मंत्रों से देवता प्रसन्न होते हैं: विजय प्रताप

Faridabad/Alive News: ग्राम पाली स्थित आर्य समाज और ओम योग संस्थान में राष्ट्र की शांति, सुख और समृद्धि के लिए सवा लाख गायत्री महायज्ञ, सामवेद पारायण, गायत्री मंत्र जाप, ध्यान, योग साधना, भजन और सत्संग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय प्रताप सिंह ने हिस्सा लिया। उन्होंने यज्ञ में हवन कुंड और अग्नि देवता को नमन किया तथा यज्ञ के ब्रह्मा पूज्य स्वामी देवव्रत सरस्वती से आशीर्वाद प्राप्त किया।विजय प्रताप ने कहा कि ओम योग संस्थान और ओम शिक्षा संस्कार सीनियर सेकेंडरी स्कूल नई पीढ़ी को धर्म और वैदिक संस्कृति से जोड़ने का काम कर रहे हैं। साथ ही शिक्षा के साथ बच्चों के चरित्र, मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य और आत्मीय विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी जी का हर उपदेश महापुरुषों के ज्ञान का सार है और उनके मार्गदर्शन में जीवन को बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलती है।

स्वामी देवव्रत सरस्वती जी ने बताया कि सामवेद में देवताओं की स्तुति वाले मंत्र हैं, जिन्हें यज्ञों में गाया जाता है। ‘साम’ का अर्थ गीत और ‘वेद’ का अर्थ ज्ञान है, इसलिए इसे ‘गीतों का वेद’ कहा जाता है। ओम योग संस्थान ट्रस्ट के प्रांगण में आज प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई, जिसमें पत्रकारों को वार्षिक उत्सव की तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई।

गायत्री व सामवेद पारायण महायज्ञ में सुशील शास्त्री, रघुवीर शास्त्री, देवराज योगाचार्य, आनंद शर्मा (पानीपत), राजकुमार (महेंद्रगढ़) और हरीबाबू यादव ने भाग लिया।

ओम योग संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित 27वें वार्षिक उत्सव के तहत 9 नवंबर से यह धार्मिक व आध्यात्मिक आयोजन चल रहा है। इसकी पूर्णाहुति 16 नवंबर 2025 को 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ और सामवेद पारायण यज्ञ के साथ की जाएगी, जिसके बाद भव्य समापन समारोह होगा।