March 7, 2026

 बाल दिवस पर पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: बाल दिवस के उपलक्ष्य में आज महाशय श्रीचंद पब्लिक स्कूल, सूरजकुंड में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रिपेयर वर्ल्ड एंड लाइफ संस्था द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। संस्था के कलाकारों ने चाचा नेहरू के जीवन पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किया, जिसे बच्चों ने खूब सराहा।

संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. प्रीति सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण को मनुष्य ने ही प्रदूषित किया है और इसे सुरक्षित रखना भी मनुष्य की ही जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके निस्तारित करने, बाजार जाते समय पॉलीथीन का प्रयोग न करने तथा जूट और कपड़े के थैलों के उपयोग को अपनाने की सलाह दी।
डॉ. सिंह ने पानी बचाने पर जोर देते हुए कहा कि नहाते समय शॉवर का कम उपयोग करें या बाल्टी से स्नान करें, जिससे जल संरक्षण संभव होगा। इसके साथ ही उन्होंने नोटबुक के बचे हुए पन्नों का उपयोग करने का संदेश भी दिया।

स्कूल की प्रिंसिपल योगेश्वरी ओझा ने बताया कि स्कूल के छात्र अपने जन्मदिवस पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहे हैं। साथ ही वे अन्य स्कूलों में जाकर भाषण, नाटक और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि आज पर्यावरण को नहीं बचाया गया तो भविष्य में ऑक्सीजन के लिए भी भटकना पड़ सकता है।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिठाइयां वितरित की गईं। इस अवसर पर अध्यापक चन्द्र भूषण कुमार, संजय कुमार, अखिलेश सिंह, सरोज कुमारी, शिवानी, निशा, दिव्या, शीतल, दीपा समेत संस्था के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।