March 7, 2026

सानवी खन्ना ने रेडियो महारानी के जस्ट टॉक अबाउट इट टॉक शो में शिरकत कर बताया पर्यावरण का महत्व

Faridabad/Alive News: डीपीएस सेक्टर-19 फरीदाबाद की अंग्रेजी विभाग एवं पर्यावरण को-ऑर्डिनेटर हाशनु वाधवा ने आज विद्यार्थियों सानवी खन्ना और श्रीरजा सोलंकी के साथ रेडियो महारानी के जस्ट टॉक अबाउट इट टॉक शो में शिरकत की। साक्षात्कार पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण के खतरों और स्वच्छता बनाए रखने के उपायों पर केंद्रित रहा।

हाशनु वाधवा ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बेहद गंभीर हो चुका है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंचकर ‘गंभीर श्रेणी’ में दर्ज किया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि वायु, जल और ध्वनि प्रदूषण आज की सबसे बड़ी पर्यावरणीय चुनौतियां हैं, जिनके लिए मुख्य रूप से औद्योगिक कचरा, प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग और वाहनों से निकलने वाला धुआं जिम्मेदार है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अत्यधिक प्रदूषण जलवायु परिवर्तन को तेज करता है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं की संभावना बढ़ जाती है। इस स्थिति से निपटने के लिए प्लास्टिक का कम उपयोग, कचरे का पुनर्चक्रण, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग, अधिक पेड़ लगाना तथा ऊर्जा-कुशल उपकरणों का प्रयोग जैसे उपाय अपनाने की आवश्यकता है।

वाधवा ने अपील करते हुए कहा, “यह हमारी पृथ्वी है और इसकी सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आज उठाए गए हमारे कदम ही कल हमारे भविष्य का निर्धारण करेंगे। हमें मिलकर प्रयास करना होगा ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक बेहतर और स्वस्थ दुनिया दे सकें।”