Delhi/Alive News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की दूसरी सरकार में पाकिस्तान के साथ रिश्ते अचानक सुधर गए हैं। पहले ट्रम्प पाकिस्तान को ‘झूठ और धोखे’ वाला देश कहते थे, लेकिन अब वे पाक आर्मी चीफ को अपना ‘फेवरेट फील्ड मार्शल’ बुलाते हैं।
अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने इस बदलाव के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए हैं। पाकिस्तान ने इस साल अप्रैल और मई के महीनों में वॉशिंगटन की कई लॉबिंग फर्म्स के साथ 5 मिलियन डॉलर (करीब 42 करोड़ रुपए) के कॉन्ट्रैक्ट किए।
पाकिस्तान ने ट्रम्प को अपने पाले में करने के लिए भारत-पाक संघर्ष रोकने का क्रेडिट दिया और नोबेल पीस प्राइज के लिए नॉमिनेट किया। जबकि पीएम मोदी ने क्रेडिट देने से इनकार कर दिया, जिससे ट्रम्प नाराज हो गए।
इसके अलावा, पाकिस्तान ने 500 मिलियन डॉलर की मिनरल एक्सट्रैक्शन डील की और अमेरिकी कृषि प्रोडक्ट्स के लिए मार्केट खोला।
पाकिस्तान ने ट्रम्प के करीबियों से डील की
पाकिस्तान ने जिन फर्म्स के साथ डील की उनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे जो पहले डोनाल्ड ट्रम्प के करीबी सहयोगी रह चुके हैं, जैसे उनके पूर्व बिजनेस पार्टनर और बॉडीगार्ड कीथ शिलर।
पाकिस्तान ने 8 अप्रैल को लॉबिंग फर्म ‘सीडेन लॉ LLP’ से कॉन्ट्रैक्ट किया, जिसमें यह वादा किया गया कि पाकिस्तान की व्हाइट हाउस में हाई लेवल पर बैठकों की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके बाद 24 अप्रैल को एक और करार हुआ।
कुछ हफ्तों बाद ही पाकिस्तानी सेना आसिम मुनीर ने वॉशिंगटन का दौरा किया जहां उन्होंने राष्ट्रपति ट्रम्प से व्हाइट हाउस में प्राइवेट मुलाकात की।

