March 7, 2026

एआईयू ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी की सदस्यता रद्द की, एनएएसी ने भेजा कारण बताओ नोटिस

Faridabad/Alive News: हाल ही में सुर्खियों में आई अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर अब बड़ी कार्रवाई हुई है। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज़ (AIU) ने यूनिवर्सिटी की सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट को बंद कर दिया है।

एआईयू ने अपने बयान में कहा कि संस्था के उपनियमों के अनुसार किसी भी विश्वविद्यालय की सदस्यता तब तक बनी रहती है जब तक वह ‘सद्भावपूर्ण स्थिति’ में हो। लेकिन, मीडिया में आई रिपोर्ट्स के आधार पर यह पाया गया कि फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी वर्तमान में उचित स्थिति में नहीं है। इसी कारण एआईयू ने इसकी सदस्यता निलंबित करने का फैसला लिया है।

इस बीच, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) ने भी अल-फलाह यूनिवर्सिटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एनएएसी ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय ने अपनी वेबसाइट पर झूठे दावे करते हुए गलत मान्यता प्रदर्शित की थी।

नोटिस में कहा गया है कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी ने न तो एनएएसी से मान्यता प्राप्त की है और न ही मूल्यांकन की प्रक्रिया (Cycle-1) में हिस्सा लिया है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय ने अपनी वेबसाइट पर लिखा था कि उसके कुछ कॉलेजों को एनएएसी से ‘A ग्रेड’ प्राप्त है।

एनएएसी ने इस झूठे दावे को जनता, छात्रों और अभिभावकों को गुमराह करने वाला बताया है और विश्वविद्यालय से जवाब मांगा है।

अल-फलाह यूनिवर्सिटी फिलहाल दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके की जांच के दौरान भी पुलिस के रडार पर है।