September 30, 2026

हाई अलर्ट के चलते फरीदाबाद पुलिस सतर्क, शहरभर में वाहनों की सघन चेकिंग अभियान जारी

Faridabad/Alive News: हाई अलर्ट के मद्देनज़र फरीदाबाद पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्राइम ब्रांच, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीमों के साथ सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। इस दौरान लावारिस, बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध वाहनों की विशेष जांच की जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान आने-जाने वाले वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों और बिना कागज़ात वाले वाहनों की सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस बल को हर स्थिति में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाना है।

फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, डायल 112, या कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर दें।