Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ की टीम ने टेलिग्राम टास्क के नाम पर 4,01,901 रुपये की ठगी के मामले में खाताधारक सहित चार आरोपीयों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सुनपेड, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे टेलिग्राम के माध्यम से एक ग्रुप से जोडा गया, जहां उसे कुछ टास्क पूरा करके पैसे कमाने बारे कहा गया। जिसके लिए उसके पास एक लिंक भेज कर उसका खाता खुलवाया गया और कुछ प्रीपेड टास्क करने के लिए दिये गये, जिन टास्क के लिए उसने 4,01,901 रुपये ठगों के बताये गये खाता में भेजे। टास्क पूरा होने के बाद जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो उससे प्रोसेंसिंग फीस के नाम पर और पैसो की डिमांड की गई। जिस शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ की टीम ने कार्रवाई करते हुए अमरकांत (25), सुरज कुमार (25), इंजमाम उल हक (22) निवासी उत्तम नगर, दिल्ली व चीशू (23) निवासी विकास विहार, दिल्ली, को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अमरकांत खाताधारक है जिसके खाता में ठगी के एक लाख रूपये आये थे, अमरकांत ने अपना खाता आगे चीशू को दिया था, चीशू ने आगे सूरज को और सूरज ने आगे इंजमाम को खाता दिया था। चारों आरोपी दोस्त हैं तथा एक दूसरे के जानकार हैं। जिनको न्यायलय में पेश कर जेल भेजा गया है।

