March 8, 2026

फरीदाबाद के मुस्लिम बहुल इलाकों में पुलिस का सर्च ऑपरेशन, जमा किए रोहिंग्या-बांग्लादेशी किरायेदारों के दस्तावेज

Faridabad/Alive News: आदर्श नगर थाना पुलिस ने सोमवार को मुस्लिम बहुल क्षेत्रों अज्जी कॉलोनी, सेक्टर-62 आशियाना, मिर्जापुर और मुजैड़ी गांव के आसपास की झुग्गियों में व्यापक सर्च अभियान चलाया।

अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-62 आशियाना और अज्जी कॉलोनी ऐसे क्षेत्र हैं जहां मुस्लिम समुदाय के लोग अधिक संख्या में निवास करते हैं। वर्ष 1997 में दिल्ली पुलिस ने अज्जी कॉलोनी से एक आतंकी को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से यह क्षेत्र पुलिस की निगरानी में बना हुआ है।

सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर जांच की, लोगों से उनके किरायेदारों की जानकारी ली और आधार कार्ड नंबर दर्ज किए। जिन किरायेदारों का अभी तक पुलिस सत्यापन नहीं हुआ, उन्हें जल्द सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही पुलिस ने क्षेत्र की मस्जिदों की गहन जांच की और इमामों से संबंधित विस्तृत जानकारी भी एकत्र की। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

रोहिंग्या और बांग्लादेशियों की भी जांच

इमामों से भी उनसे संबंधित दस्तावेज लिए हैं। मुजैड़ी और मिर्जापुर के के आसपास काफी संख्या में लोग झुग्गियों में रहते हैं। यहां पर पुलिस ने रोहिंग्या और बांग्लादेशियों की भी जांच की। सभी लोगों के दस्तावेज देखे। पुलिस के सर्च अभियान की कमान एसीपी जितेश मल्होत्रा ने संभाली हुई थी।

सर्च अभियान के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त राजकुमार वालिया ने बताया कि अभी तक इस क्षेत्र में किसी भी तरह का कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला है। सभी लोगों से सतर्क रहने के बारे में कहा है। संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए कहा है। ताकि उसे समय रहते हुए दबोचा जा सके।