March 7, 2026

विद्यार्थियों ने स्टेट लेवल कल्चरल फेस्ट में किया प्रशंसनीय प्रदर्शन 

Faridabad/Alive News: सराय ख्वाजा  गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वरिष्ठ वर्ग की सोलो डांस और ग्रुप डांस टीम ने पानीपत स्थित आर्य पी.जी. कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव (स्टेट लेवल कल्चरल फेस्ट) में सराहनीय प्रदर्शन किया।

विद्यालय की दोनों टीमों को प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा तथा विद्यालय स्टाफ ने शुभकामनाओं के साथ राज्य स्तर के लिए रवाना किया था। टीम में कुल 15 सदस्य शामिल थे, जिनमें छात्र-छात्राएँ, हारमोनियम, ढोलक और तबला वादक सम्मिलित रहे। टीम का मार्गदर्शन विद्यालय की मनोविज्ञान प्राध्यापिका सोनिया जैन एवं समाजशास्त्र प्राध्यापिका सरिता डूडेजा ने किया।

इस अवसर पर प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा, जो विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस एवं सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के अधिकारी भी हैं, ने बताया कि विद्यालय की टीम ने इससे पहले जिला स्तरीय कल्चरल फेस्ट में वरिष्ठ वर्ग के सामूहिक नृत्य और एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

राज्य स्तर पर टीम ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय परिवार के सभी अध्यापकों सरिता, सोनिया जैन, दीपांजलि, जितेंद्र गोगिया, निखिल, दिनेश सहित ने विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई दी और आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।