Faridabad/Alive News: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संदीप गर्ग के दिशा-निर्देशानुसार तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रितु यादव की देखरेख में 1 नवंबर से 30 नवंबर तक “श्रमिक सुरक्षा एवं अधिकार जागरूकता अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जिले के श्रमिक वर्ग को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे अपने हितों की रक्षा कर सकें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव रितु यादव ने बताया कि श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक विशेष सेल गठित किया गया है, जो श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों, श्रम कानूनों और विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी प्रदान करेगा। अभियान के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता और पैरा लीगल वालंटियर्स गांव-गांव जाकर, लेबर चौकों और श्रमिक संस्थानों में श्रमिकों को श्रम कानूनों, कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों और विधिक सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
यादव ने बताया कि अभियान के अंतर्गत उन श्रमिक परिवारों के बच्चों की पहचान भी की जा रही है जो किसी कारणवश शिक्षा से वंचित हैं। ऐसे बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक कर विद्यालयों में दाखिला दिलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

