Faridabad/Alive News: मुजेसर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित 11 केवी स्विचिंग सबस्टेशन 2-ए, एनआईटी फरीदाबाद में आज हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन (हेड ऑफिस भिवानी–292) फरीदाबाद सर्कल की एक आवश्यक बैठक यूनिट प्रधान लेखराज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों के कार्य-संबंधी मुद्दों तथा यूनियन के आगामी कार्यक्रमों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर एचएसईबी वर्कर्स यूनियन प्रदेश के स्टेट चीफ ऑर्गनाइज़र विनोद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रधान लेखराज चौधरी ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य यूनियन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने हेतु रणनीति तैयार करना था। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों के शीघ्र समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की रूपरेखा बनाई गई है। विभागीय स्तर पर व्याप्त अनियमितताओं को दूर करने और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी पदाधिकारियों ने दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में यूनियन सदस्यता अभियान को गति देने, यूनिट स्तर पर नियमित बैठकों के आयोजन तथा फील्ड स्तर पर कर्मचारियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। नेताओं ने यह भी कहा कि यदि किसी कर्मचारी का कार्य हेड ऑफिस हिसार या पंचकूला से संबंधित लंबित है, तो उसे तत्काल यूनियन के समक्ष नोट करवाया जाए।
बैठक में प्रमुख रूप से ग्रेटर फरीदाबाद प्रधान सुनील चौहान, सचिव रविदत्त शर्मा, बल्लभगढ़ प्रधान मदन गोपाल शर्मा, सचिव सुरेन्द्र कौशिक, ओल्ड फरीदाबाद प्रधान संदीप, सचिव सत्यवान लोहचब, एनआईटी सचिव मुकेश शर्मा, चेयरमैन वीर सिंह सहित रामकुमार चौधरी, सुरेन्द्र पंघाल, राजेश शर्मा, परवीन शर्मा, सुधीर कौशिक, राजबीर शर्मा, सुमित खेड़ा, राजेंद्र नेहरा, देवेंद्र बावला, राजेश कुमार, अमरचंद, भागीरथ सोनी, अजय कुमार, नरेंद्र, सुमित, नसीब हिंदुस्तानी, सुरेश डूडी, जगजीत, मुकेश शर्मा व अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

