March 7, 2026

दिल्ली धमाका: 200 बमों से 26/11 जैसा हमला करने की साजिश, तीन शहर थे निशाने पर; PM मोदी ने अस्पताल में घायलों से की मुलाकात

Delhi/Alive News: दिल्ली के लाल किला के पास हुए धमाके के बाद जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। आतंकियों की 200 बम (IEDs) से 26/11 जैसे हमले की साजिश थी। उनके निशाने पर दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने लाल किला, इंडिया गेट, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, गौरी शंकर मंदिर, बड़े रेलवे स्टेशन और मॉल्स जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह साजिश जनवरी से ही तैयार की जा रही थी और इसका संबंध पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद संगठन से है।

धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर तनाव फैलाने की योजना
जांच में सामने आया है कि आतंकियों का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर हमला कर देश में सांप्रदायिक तनाव फैलाना था। इसके लिए उन्होंने कश्मीर के पुलवामा, शोपियां और अनंतनाग के कुछ डॉक्टरों को शामिल किया, ताकि वे मेडिकल प्रोफेशन की आड़ में आसानी से आवाजाही कर सकें।

लाल रंग की इको स्पोर्ट कार की तलाश
दिल्ली पुलिस ने अब लाल रंग की फोर्ड इको स्पोर्ट कार की तलाश शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि संदिग्धों के पास ह्यूंडई i20 के अलावा यह कार भी थी।

दिल्ली पुलिस की पांच टीमें कार की तलाश में लगी हैं। उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस को भी इस कार के बारे में अलर्ट जारी किया गया है।

पीएम मोदी ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार दोपहर भूटान दौरे से लौटने के बाद सीधे LNJP अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने धमाके में घायल लोगों से मुलाकात की।

पीएम करीब आधा घंटा अस्पताल में रहे और घायलों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने X (ट्विटर) पर लिखा —
“इस कायराना हमले के जिम्मेदार लोगों को सजा जरूर मिलेगी।”

शाम को पीएम मोदी कैबिनेट की सुरक्षा मामलों की समिति (CCS) की बैठक करेंगे। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह इस घटना की विस्तृत जानकारी देंगे। इसके बाद धमाके से जुड़ी और जानकारी साझा की जा सकती है।