Faridabad/Alive News: वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और कई दशकों तक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे स्वर्गीय बी.आर. ओझा की छठी पुण्यतिथि पर सोमवार को शहरभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर कांग्रेस और कई सामाजिक संगठनों ने उन्हें याद किया।
जिला कांग्रेस कार्यालय सेक्टर-9 में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक, पूर्व प्रदेश सचिव और प्रगतिशील किसान मंच के अध्यक्ष सतवीर डागर, वरिष्ठ नेता सुधीर चौधरी समेत कई कांग्रेसजनों ने ओझा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
नेताओं ने कहा कि बी.आर. ओझा कांग्रेस पार्टी के मजबूत स्तंभ थे, जिन्होंने कई वर्षों तक जिला कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश स्तर पर विभिन्न पदों पर रहकर पार्टी को मजबूत किया। उन्होंने हमेशा जनसेवा और भाईचारे को प्राथमिकता दी और हिन्दू-मुस्लिम एकता कमेटी के प्रधान के रूप में सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा दिया।
ओझा जी को पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, बंसीलाल, भजनलाल और भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे दिग्गज नेताओं के साथ काम करने का अवसर मिला। नगर निगम बनने के बाद उन्होंने कई चौराहों का सौंदर्यीकरण और नामकरण करवाया। कांग्रेसजनों ने उन्हें फरीदाबाद का भीष्म पितामह बताया।
बलजीत कौशिक और सतवीर डागर ने कहा कि ओझा जी जैसे समर्पित नेता की कमी पार्टी को हमेशा महसूस होगी। उनके बताए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इससे पहले बलदेव राज ओझा फाउंडेशन की ओर से उनके पुत्र राजन ओझा ने कई स्थानों पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें जरूरतमंद लोगों को फल, खाद्य सामग्री और कंबल वितरित किए गए।
इस मौके पर वरिष्ठ एडवोकेट जगत सिंह नागर, मास्टर ऋषिपाल, अशोक रावल, संजय सोलंकी, पूर्व पार्षद योगेश ढींगड़ा, राजेंद्र चपराना, विनोद कौशिक, सुमित भाटिया, रेनू चौहान, अनुज शर्मा, सुनीता फागना समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

