Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशानुसार स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की गई है।
नगर निगम द्वारा पिछले दिनों विभिन्न श्रेणियों में कुल 338 चालान जारी किए गए, जिन पर कुल 5,38,561 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर एवं स्पेशल सैनिटेशन ऑफिसर एशवीर सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम द्वारा सड़क, नाले, सीवर, खुले प्लॉट या सार्वजनिक स्थान पर नगर निगम कचरा फेंकने पर करीब 135 चालान कर लगभग 1,75,501 का जुर्माना किया है। जबकि प्लास्टिक कैरी बैग या प्लास्टिक से बने सामानों के उपयोग पर 115 चालान कर लगभग 90,005 रुपये व अन्य प्रकार के उल्लंघनों पर करीब 30 चालान कर लगभग 1,66,000 रुपये का जुर्माना किया गया है।
इसके अलावा बिल्डिंग मटीरियल गलत स्थान पर डालने पर 4 चालान कर 21,500 रुपये का जुर्माना किया। यही नहीं खुले में शौच पर 19 चालान कर 7,505 रुपये का जुर्माना किया। निगम द्वारा गार्डन या घरेलू कचरा जलाने पर भी 18 चालान कर 54,500 रुपये का जुर्माना किया गया। निगम की टीम ने स्लज वाटर टैंकर से अनाधिकृत डिस्चार्ज पर 2 चालान कर 7,500 रुपये का जुर्माना किया गया है। इसके अलावा पशुओं का गोबर या अवशेष खुले में डालने पर 3 चालान कर 5,502 रुपये का जुर्माना किया है सात ही मांस का अवैध विक्रय करने पर 8 चालान कर 5,004 रुपये का जुर्माना किया।
उन्होंने जानकारी दी कि पेयजल की बर्बादी पर 2 चालान कर 3,501 रुपये का जुर्माना भी किया गया। कचरे के पात्र न रखने वाले मकान मालिकों पर 4 चालान कर 2,000 का जुर्माना किया गया है। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति बैनर, पोस्टर या फ्लेक्स लगाने पर 2 चालान कर 1,000 रुपये का जुर्माना किया गया । नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए निगम नियमित रूप से ऐसे निरीक्षण और जुर्माने की कार्यवाही कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

