March 8, 2026

डीएवी स्कूल में ‘फिनलैंड 2030 संगोष्ठी’ में फिनलैंड का शिक्षा मॉडल अपनाने पर हुई चर्चा

Faridabad/Alive News: सेक्टर-49 स्थित डीएवी ज्ञान प्रकाश चोपड़ा पब्लिक स्कूल में रविवार को ‘फिनलैंड 2030 संगोष्ठी – फरीदाबाद संस्करण’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंटरनेशनल यूनाइटेड एजुकेशनिस्ट्स फ्रैटर्निटी (IUEF) और लाइफोलॉजी के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।  संगोष्ठी की शुरुआत मुख्य वक्ता एवं  फिनलैंड 2030 की निदेशक माइक क्राउटशेड तथा विद्यालयों के प्रिंसिपल के दीप प्रज्वलन से हुई।

माइक क्राउटशेड, जो एक जर्मन उद्यमी और Finland 2030 Education Initiatives की निदेशक हैं, ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि हम आज एक ऐसे युग में हैं जहां पूर्व और पश्चिम मिलकर एक “ग्लोबल विलेज” बना रहे हैं। उन्होंने IUEF का धन्यवाद करते हुए कहा कि फिनलैंड और भारत दोनों देश एक-दूसरे से सीखने की क्षमता रखते हैं।

उन्होंने बताया कि फिनलैंड की शिक्षा प्रणाली दुनिया में सर्वश्रेष्ठ है, जहां शिक्षक पर पूरा भरोसा किया जाता है, बच्चों पर दबाव नहीं डाला जाता, और सीखने-सीखाने को आनंद से जोड़ा जाता है। हमारे यहा शिक्षक बनना कठिन है, पर यह सबसे सम्मानित पेशा है। उन्होंने कहा, “कम परीक्षा, अधिक सीखना, यही फिनलैंड की पहचान है। फिनलैंड आज पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है, जहां शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक नहीं, बल्कि खुशहाल और बेहतर जीवन है।”

संगोष्ठी  की शुरुआत में अपना संबोधन देते हुए  IUEF के  चेयरमैन डॉ. जयंत चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य संबोधन के बाद प्रवीण परमेसवर (सीईओ, लाइफोलॉजी) ने “करिकुलम 2030” और “फिनलैंड-इंडिया इंटरनेशनल बूटकैम्प” के बारे में जानकारी दी। इसके अतिरिक्त विशेष संबोधन में एंथनी, फैकल्टी मेंबर (फिनलैंड 2030), ने “संवर्द्धन और नवाचार की संस्कृति” पर अपने विचार साझा किए। वहीं शिक्षाविद डॉ. विजय लक्ष्मी और  शिक्षाविद एस.एस. गोसाई तथा शिक्षाविद अनीता गौतम ने फरीदाबाद में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की चर्चा की। अंत में अभिषेक कुमार सिंह (असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट, फिनलैंड 2030 इंडिया) ने स्कूलों को FutureX – इंटरनेशनल बूटकैम्प इन फिनलैंड एंड एस्टोनिया में भागीदारी पर जानकारी दी।

संगोष्ठी का मंच संचालन सीनियर श्रीराम मॉडल हाई स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. ज्योति कोहली और डी सी मॉडल स्कूल की प्रिंसिपल राखी ने किया।  संगोष्ठी के अंत में डीएवी ज्ञान प्रकाश चोपड़ा पब्लिक स्कूल  के प्रिंसिपल राजन गौतम ने सभी शिक्षाविद एवं प्रिंसिपल का संगोष्ठी  का हिस्सा बनने का धन्यवाद दिया। अंत में उपस्थित शिक्षाविदों,  प्रिंसिपल  और अतिथियों ने “फिनलैंड 2030” मॉडल को भारत की शिक्षा व्यवस्था में लागू करने के अवसरों पर विचार साझा किए।