Faridabad/Alive News: राजधानी दिल्ली के पवित्र छतरपुर मंदिर परिसर से 7 नवंबर 2025 को ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2025’ का शुभारंभ हुआ। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा आरंभ की गई यह पदयात्रा छतरपुर स्थित कात्यायनी शक्ति पीठ से प्रारंभ होकर वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर तक पहुंचेगी।
फरीदाबाद पहुंची इस पदयात्रा में देश के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग जुड़ते नजर आ रहे हैं। धार्मिक, खेल और सामाजिक जगत से कई प्रसिद्ध हस्तियों ने भी इसमें भागीदारी की।
पदयात्रा के दौरान आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह सुखद है कि देशभर से लोग इसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र एकजुट हो रहा है, हिंदू जाग रहा है और सड़क पर आ रहा है। भारत जागेगा, जातिवाद से मुक्त होगा और राष्ट्रवाद की विचारधारा प्रबल होगी।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय विद्युत एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल भी पदयात्रा में पहुंचे, इस दौरान उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री से बातचीत की।

भारतीय क्रिकेटर उमेश यादव भी इस पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा, यह सब भगवान की कृपा से हो रहा है। हम सब भगवान का कार्य कर रहे हैं। हर व्यक्ति को अपने धर्म और ईश्वर के प्रति जागरूक होना चाहिए। यह पदयात्रा हिंदुओं को एकजुट करने का प्रयास है, और यही वजह है कि मैं यहां आया हूं।

भारतीय रेसलर द ग्रेट खली ने भी पदयात्रा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर किसी को इस पदयात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाना चाहिए।
वहीं, पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने कहा, मुझे यहां आकर बहुत खुशी हो रही है। आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का उद्देश्य हिंदुओं को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठाकर एकजुट करना है। एकता में अपार शक्ति है, मजबूत भारत के लिए हिंदुओं को एक होना चाहिए।

