March 8, 2026

फरीदाबाद में “सनातन एकता पदयात्रा” को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन जारी, 8 से 10 नवंबर तक कई मार्ग रहेंगे बंद

Faridabad/Alive News: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) की “सनातन एकता पदयात्रा” 8 नवम्बर 2025 से जिले में प्रवेश करेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एवं सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता के निर्देशन में नोडल अधिकारी ज्वाइंट सीपी राजेश दुग्गल के मार्गदर्शन में पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

8 नवम्बर को रहेगा फरीदाबाद–गुरुग्राम मार्ग पूर्ण बंद

शनिवार, 8 नवम्बर को प्रातः 8 बजे से यात्रा समाप्त होने तक फरीदाबाद से गुरुग्राम (पाली–मांगर मार्ग) के बीच दोनों ओर का यातायात पूर्ण रूप से बंद रहेगा। इस दौरान किसी भी निजी, व्यावसायिक या सार्वजनिक वाहन की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। केवल यात्रा से संबंधित वाहन एवं आपातकालीन सेवाओं को ही पुलिस नियंत्रण में अनुमति दी जाएगी।

वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था

नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे गुड़गांव आने–जाने के लिए इन मार्गों का उपयोग करें जैसे अंखिर गोल चक्कर, सूरजकुंड गोल चक्कर, शूटिंग रेंज, मेहरौली रोड या मुंबई एक्सप्रेसवे मार्ग।

यात्रा का पहला चरण (8 नवम्बर 2025)

पदयात्रा प्रातः 8 बजे मांगर चुंगी बॉर्डर से फरीदाबाद में प्रवेश करेगी। यह यात्रा गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड टी-प्वाइंट से बाएं मुड़ते हुए पाली चौक पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद यात्रा NCR Biotech Science Cluster पास बने ढाबे तक पहुंचेगी, जहां दोपहर का भोजन होगा।भोजन उपरांत यात्रा हनुमान मंदिर गुरुग्राम मोड़ नाका, सैनिक कॉलोनी, मस्जिद चौक, टाउन नं. 3, ईएसआई चौक से होते हुए मेट्रो मोड़ से पहले स्थित दशहरा मैदान, एनआईटी फरीदाबाद पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम रहेगा।

दूसरा चरण (9 नवम्बर 2025)

अगले दिन सुबह 7 बजे यात्रा दशहरा मैदान, एनआईटी से प्रारंभ होकर मेट्रो मोड़, बस स्टैंड एनआईटी, तिकोना पार्क, हार्डवेयर चौक, व्हर्लपूल चौक, सेक्टर 22 और 23 चौक, लखानी चौक, सोहना टी-पॉइंट, सेक्टर 25और 55 चौक से होकर बल्लभगढ़ रेलवे फ्लाईओवर पार करेगी।यात्रा बल्लभगढ़ बस स्टैंड पुलिस चौकी के आगे से एमसीए कार्यालय परिसर के अंदर से होते हुए दशहरा ग्राउंड बल्लभगढ़ पहुंचेगी, जहां दोपहर का भोजन निर्धारित है।

भोजन उपरांत यात्रा एलसन चौक, सर्विस रोड, झाड़सेंतली चौक, जाजरू कट, कैली बाईपास चौक, डीपीएसजी स्कूल होते हुए शगुन वाटिका, सीकरी पहुंचेगी, जहां रात्रि ठहराव रहेगा।

तीसरा चरण (10 नवम्बर 2025)

10 नवम्बर की सुबह यात्रा शगुन गार्डन, सीकरी से प्रस्थान कर पलवल की ओर बढ़ेगी।

पुलिस की अपील

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें, लगाए गए बैरिकेड्स के पास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें।यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम (0129-2267201, 2225999) या हेल्पलाइन 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा चुके हैं।